Smashed
केट (मैरी एलिज़ाबेथ विंस्टीड) और चार्ली (एरॉन पॉल, टीवी की ''ब्रेकिंग बैड'') एक युवा विवाहित दंपती हैं जिनका प्रेम संगीत, हंसी-मज़ाक़ और शराब... विशेषकर शराब से जुड़ा है। जब केट की पीने की आदत उसे ख़तरनाक जगहों पर ले जाती है और स्कूल टीचर की उसकी नौकरी ख़तरे में पड़ जाती है तो वो नशा छोड़ने के समूह में शामिल होने और सुधरने का फ़ैसला करती है। अपनी नई बनी दोस्त और प्रायोजक जैनी (ऑक्टेविया स्पैंसर, द हैल्प) और अपने स्कूल के वाइस प्रिंसिपल, अजीब मगर हितैषी मि. डेविस की मदद से केट अपनी सेहत और ज़िंदगी को सुधारने की दिशा में क़दम उठाती है। नशे के बिना रहना उतना आसान नहीं है जितना केट ने समझा था। उसकी नई जीवनशैली अपनी मां के साथ उसके बिगड़े रिश्ते को, और उस झूठ को सामने लाती है जो उसने अपनी प्रिंसिपल (मैगन मुलैली, टीवी की ''पार्क्स एंड रीक्रिएशन'') से बोला था और ये सवाल भी उठाती है कि चार्ली के साथ उसका रिश्ता क्या प्यार पर आधारित है या बस वयस्कता से एक नशीला भटकाव है।
